वाराणसी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), काशी हिन्दू विश्वविद्यालय इकाई द्वारा सीयूईटी यूजी एवं पीजी 2026 के माध्यम से काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आवश्यक सहयोग एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर सकें।
हेल्पलाइन के माध्यम से विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम एवं विषय चयन, काउंसलिंग, दस्तावेज़ सत्यापन, आवश्यक प्रमाण-पत्रों की जानकारी, तकनीकी समस्याओं के समाधान, शुल्क जमा करने की प्रक्रिया तथा प्रवेश से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियों में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। परिषद के प्रशिक्षित कार्यकर्ता विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में उनके साथ रहेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय इकाई के इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष देशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थी सीयूईटी यूजी एवं पीजी के माध्यम से बीएचयू में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अनेक विद्यार्थियों को आवेदन, विषय चयन, दस्तावेज़ सत्यापन, काउंसलिंग तथा अन्य औपचारिकताओं को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए परिषद ने यह हेल्पलाइन सेवा प्रारंभ की है।
उन्होंने कहा, “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हमारा प्रयास है कि कोई भी विद्यार्थी जानकारी के अभाव में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करे। परिषद के कार्यकर्ता प्रवेश प्रक्रिया के हर चरण में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।”
इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता प्रवेश प्रक्रिया के दौरान लगातार विद्यार्थियों के संपर्क में रहेंगे तथा दस्तावेज़ सत्यापन, काउंसलिंग, विश्वविद्यालय से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर हेल्पलाइन नंबरों पर निःसंकोच संपर्क करें।
CUET UG एवं PG हेल्पलाइन
पल्लव सुमनइकाई अध्यक्ष, ABVP BHU📞 9525760586
अनुराग तिवारीइकाई मंत्री, ABVP BHU📞 7068267603
