वाराणसी : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MYB), वाराणसी द्वारा डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज परिसर में एक दिवसीय ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘Know Your Vote’ (अपने वोट को जानें) रखा गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना जगाना, मताधिकार के महत्व से अवगत कराना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के प्रबंधक नागेश्वर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राचार्य डॉ आंनद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही, आमंत्रित अतिथियों के रूप में भाजयुमो के कोषाध्यक्ष सूयश अग्रवाल, यूथ आइकॉन श्रीजन चतुर्वेदी तथा खेल जगत में देश का नाम रोशन करने वाले एशियन चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता सागर ने शिरकत की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यूथ आइकॉन श्रीजन चतुर्वेदी द्वारा दिया गया प्रेजेंटेशन रहा। उन्होंने पीपीटी (PPT) के माध्यम से अत्यंत सरल और प्रभावी ढंग से युवाओं को ‘Know Your Vote’ के महत्व, मतदान प्रक्रिया और लोकतंत्र में एक वोट की ताकत के बारे में विस्तार से समझाया, जिसे उपस्थित छात्रों ने बेहद सराहा।
कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ‘मेरा युवा भारत’, वाराणसी के उपनिदेशक विकाश सिंह ने कहा कि “आज का युवा देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान का संचालक है। इस प्रकार के संवाद सत्रों से युवाओं में लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।”
उन्होंने बताया कि संवाद सत्र के दौरान वक्ताओं और अतिथियों के बीच स्वच्छ मतदान और युवा नेतृत्व पर बहुत ही सार्थक परिचर्चा हुई।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रबंध समिति, समस्त प्राध्यापकगण एवं भारी संख्या में ऊर्जावान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।।
