वाराणसी : संत रविदास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और सीवर के पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से आक्रोशित सपा नेता अमन यादव के नेतृत्व में आज सीवर के पानी में नहाकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान नगर निगम ने आनन-फानन में जल निकासी की व्यवस्था कराई थी, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब एक माह बीत जाने के बावजूद सड़क पर सीवर का पानी भरा हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। जल निकासी के लिए जनरेटर मौके पर मौजूद रहता है, लेकिन नियमित रूप से नहीं चलने के कारण सड़क पर पानी जमा रहता है। लगातार जलभराव के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

सपा नेता अमन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कुछ घंटों के लिए व्यवस्था दुरुस्त कर देना पर्याप्त नहीं है। जनता को पूरे साल साफ सड़क, सुचारु जल निकासी और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान लाल बहादुर यादव, गोलू, रवि यादव समेत बड़ी संख्या में नौजवान साथी मौजूद रहे।
