वाराणसी :
नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (NMO), इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (IMS BHU) एवं काशी की अन्य nmo इकाइयों द्वारा सेवा भारती के सहयोग से वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों—काशी उत्तर, काशी मध्य एवं काशी दक्षिण—में कुल 77 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक मूलभूत एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा। इस व्यापक अभियान के अंतर्गत 6000 से अधिक मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं उपचार किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी सुनिश्चित किया गया। साथ ही, स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु लोगों को स्वच्छता, पोषण एवं रोग-निवारण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

जिन मरीजों का उपचार शिविर स्थल पर संभव नहीं था, उन्हें आगे की जांच एवं विशेषज्ञ उपचार हेतु बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय आने की सलाह दी गई, ताकि उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

यह समस्त आयोजन वरिष्ठ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. विश्वम्भर, डॉ. आर. एन. चौरसिया, डॉ. एस. के. तिवारी एवं डॉ. ममता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से, आईएमएस बीएचयू के निदेशक डॉ. एस. एन. शंखवार की सहभागिता एवं मार्गदर्शन ने इस आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बनाया।

इस अभियान में कुल 24 कंसल्टेंट्स, 65 रेजिडेंट डॉक्टरों एवं 230 अंडरग्रेजुएट मेडिकल छात्रों ने सक्रिय एवं समर्पित भागीदारी निभाई, जो इस सेवा कार्य की व्यापकता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सेवा भारती एवं संघ के सेवा विभाग के 150 कार्यकर्ताओं ने पूरे महानगर में व्यवस्था की।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं, और भविष्य में भी ऐसे सेवा-कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
यह पहल एनएमओ, सेवा विभाग rss एवं सेवा भारती के संयुक्त प्रयास का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो समाज में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राहुल जी,मन जी, गुलाब जी, चंद्रशेखर जी, ज्योत राम जी प्रमुख भूमिका में रहे।
प्रदेश भर में इस योजना के तहत 1040 कैंप के आयोजन किए जा रहे हैं।
