वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को दिवि वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा अखरी स्थित अपनी पाठशाला में दलित बस्तियों के बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ उनमें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करना था।

इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति, भाषण प्रतियोगिता तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय छात्र परिषद के पूर्व सदस्य अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके भीतर देशप्रेम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।

फाउंडेशन के संस्थापक वीरभद्र सिंह ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनकी शिक्षा पर कार्य करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक डॉ. सनत सिंह ने कहा कि बच्चों को शिक्षा देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित अवसर मिलना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर रुद्र प्रताप सिंह, निशु गिरी, ज्ञानेंद्र सिंह सहित विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
