वाराणसी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई द्वारा आज विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं छात्रहित के महत्वपूर्ण विषयों को लेकर कुलसचिव महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। परिषद ने मांग की कि प्रवेश प्रक्रिया को अधिक छात्रहितैषी, व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक सुधार शीघ्र किए जाएं।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखीं—
- ऑफलाइन दस्तावेज़ सत्यापन (Offline Document Verification) पूर्व की भांति CUET मेरिट के आधार पर कराया जाए, न कि केवल श्रेणी (Category) के आधार पर।
- बीएचयू प्रवेश पोर्टल (BHU Admission Portal) की तकनीकी कमियों को तत्काल दूर किया जाए। वर्तमान में अनेक विद्यार्थी प्रवेश वापस लेने (Admission Withdrawal) की प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण उनकी सीट एवं जमा की गई फीस दोनों प्रभावित हो रही हैं। पोर्टल पर यह सुविधा सुचारू रूप से कार्य करने हेतु आवश्यक तकनीकी सुधार शीघ्र किए जाएं।
- प्रवेश समिति की ई-मेल एवं हेल्पलाइन सेवाओं को सक्रिय, उत्तरदायी एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को समय पर उचित मार्गदर्शन एवं उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त हो सके।
- प्रत्येक काउंसलिंग राउंड से पूर्व सभी विषयों की आधिकारिक कट-ऑफ सूची नियमित एवं समयबद्ध रूप से जारी की जाए, जिससे विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई के इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय में देशभर से विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए सरल, व्यवस्थित एवं सुचारू होनी चाहिए। वर्तमान में तकनीकी समस्याओं तथा आवश्यक सूचनाओं के समय पर उपलब्ध न होने के कारण अनेक विद्यार्थी अनावश्यक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। परिषद की मांग है कि ऑफलाइन दस्तावेज़ सत्यापन पूर्व की व्यवस्था के अनुसार CUET मेरिट के आधार पर कराया जाए, प्रवेश पोर्टल की तकनीकी कमियों को तत्काल दूर किया जाए, हेल्पलाइन एवं ई-मेल सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक काउंसलिंग राउंड से पूर्व कट-ऑफ सूची समयबद्ध रूप से जारी की जाए, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इकाई के सहमंत्री अंकित कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया जितनी व्यवस्थित और उत्तरदायी होगी, उतना ही विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय पर विश्वास सुदृढ़ होगा। समय पर सूचना उपलब्ध होना, तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान तथा प्रभावी सहायता व्यवस्था प्रत्येक अभ्यर्थी का अधिकार है। परिषद को विश्वास है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इन छात्रहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रवेश प्रक्रिया में आवश्यक सुधार शीघ्र लागू किए जाएं, जिससे सभी अभ्यर्थियों को सुगम, व्यवस्थित एवं छात्रहितैषी प्रवेश व्यवस्था का लाभ मिल सके।
