वाराणसी : 22 अगस्त 2026। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रावासों में पिछड़े वर्ग (OBC) के छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षण लागू किए जाने की मांग को लेकर छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बाराबंकी से कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद तनुज पुनिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए संविधान द्वारा प्रदत्त 27 प्रतिशत OBC आरक्षण को लागू किए जाने की मांग उठाई।

छात्र प्रतिनिधिमंडल ने सांसद तनुज पुनिया को बताया कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों में आरक्षण की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किए जाने की आवश्यकता है। छात्रों का कहना है कि शिक्षा के साथ-साथ छात्रावासों में समान अवसर और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों में OBC वर्ग के छात्र एवं छात्राओं को संविधान में प्रदत्त 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जाए, ताकि पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को भी शिक्षा और आवास की सुविधाओं में समान अवसर मिल सके।
मुलाकात के दौरान सांसद तनुज पुनिया के समक्ष छात्रों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा तथा ज्ञापन के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाने का आग्रह किया। छात्रों ने कहा कि आरक्षण केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि सामाजिक एवं शैक्षणिक समानता सुनिश्चित करने की संवैधानिक व्यवस्था है।
इस अवसर पर BHU के छात्र प्रतिनिधिमंडल में निर्भय यादव, दीपक यादव, रविकांत, ऋषभ, शुभीता अभिनन्दन, विकास, धीरेन्द्र, अंकित, अभिषेक मीना, जितेंद्र, अबरार अहमद सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्रों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांग को उचित मंच पर उठाया जाएगा और विश्वविद्यालय में OBC वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास आरक्षण को लेकर सकारात्मक एवं प्रभावी पहल की जाएगी।
