वाराणसी। राजकीय अस्पताल रामनगर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए बनाया गया विशेष दवा काउंटर लंबे समय से बंद पड़ा था। इसके चलते दिव्यांग मरीजों को सामान्य दवा काउंटर की भीड़ और लंबी कतार में खड़े होकर दवा लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। खासकर बुजुर्ग और अधिक जरूरत वाले दिव्यांगजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रामनगर निवासी डंडा गुरु ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य दिव्यांग बोर्ड के सलाहकार एवं दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयोजक उत्तम ओझा से संपर्क किया और अस्पताल में दिव्यांग दवा काउंटर बंद होने की जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलते ही उत्तम ओझा के निर्देश पर दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक बीर भद्रा सिंह सहित अन्य लोग राजकीय अस्पताल रामनगर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से वार्ता कर दिव्यांग मरीजों की समस्याओं को सामने रखा। इसके साथ ही सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर विशेष दवा काउंटर को तत्काल खोलने और उसका नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की।
धरने की तैयारी के बाद हरकत में आया प्रशासन
बताया गया कि शुरुआत में अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले को लेकर टालमटोल की गई और काउंटर खोलने से इनकार कर दिया गया। इससे सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। जब लोगों ने अस्पताल परिसर में धरना देने की तैयारी शुरू की, तो प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लिया।
काफी बातचीत और जद्दोजहद के बाद अस्पताल प्रशासन ने दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए विशेष दवा काउंटर को खोल दिया। अब इस काउंटर का नियमित रूप से संचालन किए जाने की बात कही गई है।
‘दिव्यांगजन हमारी सरकार की प्राथमिकता’
दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयोजक उत्तम ओझा ने कहा कि दिव्यांगजन सरकार की प्राथमिकता हैं। उन्हें सम्मानजनक और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा और अधिकारों के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
वहीं, दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक बीर भद्रा सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए विशेष काउंटर का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब वह जरूरतमंद लोगों के लिए नियमित रूप से उपलब्ध रहे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से अपील की कि काउंटर का संचालन आगे भी लगातार सुनिश्चित किया जाए, ताकि दिव्यांग मरीजों को दोबारा परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब लंबी कतार से मिलेगी राहत
विशेष दवा काउंटर के नियमित संचालन से राजकीय अस्पताल रामनगर में दवा लेने आने वाले दिव्यांग मरीजों को सामान्य काउंटर की भीड़ और लंबी कतार से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे उन्हें अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक तरीके से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

