सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में ई-रिक्शा चालकों की विभिन्न समस्याओं और उनकी आजीविका पर मंडरा रहे संकट को लेकर पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों ई-रिक्शा चालकों ने चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन तक मार्च किया। यहां पहुंचकर चालकों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा और पूर्व की भांति ई-रिक्शा का संचालन धर्मशाला चौराहे तक किए जाने की अनुमति देने की मांग की।

इस दौरान पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि ई-रिक्शा चालक बैंकों से ऋण लेकर वाहन खरीदते हैं और इसी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ ही बैंक की किस्तों का भुगतान करते हैं। ऐसे में वर्तमान में ई-रिक्शा को रॉबर्ट्सगंज से आगे जाने से रोके जाने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिबंध का खामियाजा आम जनता को भी भुगतना पड़ रहा है और यात्रियों को दोहरा किराया देना पड़ रहा है।

ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि पहले उनके वाहन धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलती थी। लेकिन अब उन्हें निर्धारित स्थान से आगे जाने से रोका जा रहा है, जिससे चालकों की आय प्रभावित होने के साथ ही आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

वहीं, पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने कहा कि इसी मार्ग पर अन्य बड़े वाहन और निजी बसें भी संचालित होती हैं। सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई केवल ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सभी वाहनों के लिए समान नियम लागू करने और ई-रिक्शा चालकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार न करने की मांग की।

ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि उनकी आर्थिक स्थिति, आजीविका और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भांति धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के साथ सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा नहीं होना चाहिए।

चालकों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष हस्तक्षेप कर उचित समाधान निकालने तथा उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की।
