अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई के नवगठित इकाई गठन की घोषणा आज औपचारिक रूप से की गई। इस अवसर पर संगठन के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा संपन्न हुई।

नवगठित इकाई में पल्लव सुमन, जो कि सामाजिक समावेशन केंद्र (Social Inclusion Centre) में पीएचडी के छात्र हैं को इकाई अध्यक्ष , तथा अनुराग तिवारी, जो कि एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं, को ABVP BHU इकाई का इकाई मंत्री (Unit Secretary) घोषित किया गया।

इस चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी श्री अमर्त्य उपाध्याय द्वारा किया गया, जिन्होंने निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपूर्ण प्रक्रिया को संपन्न कराया।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में परिषद् के राष्ट्रीय सचिव श्री अभय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में छात्र शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ABVP सदैव छात्र हित, राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक छात्र राजनीति के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने नवगठित इकाई के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
नव निर्वाचित इकाई अध्यक्ष श्री पल्लव सुमन ने कहा की “विद्यार्थी परिषद सदैव ही छात्र हितों के लिए परिसर में कार्य करते आ रही है। परिसर में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और समरस समाज के निर्माण हेतु यह इकाई आने वाले समय में भी कार्य करेंगी। इस नई कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा की ” विद्यार्थी परिषद में प्रत्येक कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए कार्य करता है। आने वाले सत्र में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में छात्रहितों के लिए विद्यार्थी परिषद सदैव ही कार्य करेगी। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन के साथ ही हर माध्यम से विश्वविद्यालय में सकारात्मक कार्य करने एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में योगदान देने हेतु प्रेरित किया जाएगा।”
