वाराणसी। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम’ के सातवें चरण में केरलम स्थित आईआईटी पलक्कड़ से आए 55 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मालवीय भवन में भव्य स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल में 50 विद्यार्थी और पांच शिक्षक शामिल हैं। सेलेस्टेट आर. और गोपी श्रीकांत रेड्डी के नेतृत्व में आए इस दल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, शैक्षणिक परंपराओं, नवाचार और विकास कार्यों से परिचित होना है। यह दल 28 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेगा।
मालवीय भवन में आयोजित स्वागत समारोह में बीएचयू के नोडल अधिकारी डॉ. बाला लखेंद्र ने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से केरलम से आए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘युवा संगम’ जैसी पहलें देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। इससे राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना मजबूत होती है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर का संदेश भी दिया।
बीएचयू की गौरवशाली परंपराओं से रूबरू हुए विद्यार्थी
कार्यक्रम में छात्र अधिष्ठाता (डीन ऑफ स्टूडेंट्स) प्रो. रंजन कुमार सिंह ने केरलम के विद्यार्थियों का काशी और बीएचयू परिसर में स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध शैक्षणिक परंपराओं और विशाल परिसर की विशेषताओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया। साथ ही उन्हें विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर यहां की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने के लिए प्रेरित किया।
मालवीय भवन के निदेशक डॉ. पतंजलि मिश्र ने आदर्श छात्र जीवन की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अनुशासन, ब्रह्मचर्य और नियमित व्यायाम के महत्व को रेखांकित किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने केरलम के युवा प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन करते हुए उन्हें काशी की प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।
अस्सी घाट का किया भ्रमण, जयापुर में देखेंगे ग्रामीण विकास कार्य
काशी प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रसिद्ध अस्सी घाट का भ्रमण कर शहर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को करीब से जाना। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 24 अक्टूबर को दल प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए आदर्श गांव जयापुर का दौरा करेगा। यहां विद्यार्थी ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों और योजनाओं को समझेंगे।
इसके बाद 25 अक्टूबर को प्रतिनिधिमंडल लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगा, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट प्रस्तावित है। लखनऊ प्रवास के दौरान दल धर्मनगरी अयोध्या का भी भ्रमण करेगा और वहां की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित होगा।
राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक संवाद को मिलेगा बढ़ावा
28 अक्टूबर तक चलने वाले इस भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से केरलम के युवा उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहर, नवाचार और विकास की पहलों को प्रत्यक्ष रूप से समझेंगे। ‘युवा संगम’ का यह आयोजन विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद, सहयोग और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर बीएचयू के कुलसचिव डॉ. राजेंद्र श्रीवास्तव, उप मुख्य आरक्षाधिकारी प्रो. फतेह बहादुर, समन्वयक डॉ. अशोक कुमार शर्मा सहित सौम्या मुखर्जी, सनिल और श्रीकांत रेड्डी उपस्थित रहे।
