नई दिल्ली। समाज में नशामुक्ति, युवा जागरूकता और सामाजिक बदलाव के लिए उल्लेखनीय प्रयास कर रहे दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक बीर भद्र सिंह को राष्ट्रीय नशामुक्ति सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।

नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में काशियाना फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने बीर भद्र सिंह को यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान मिलने के साथ ही शिक्षा, युवा नेतृत्व और नशामुक्ति के क्षेत्र में उनके प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।

2018 से शिक्षा और सोशल लीडरशिप के जरिए बदलाव की मुहिम
बीर भद्र सिंह वर्ष 2018 से दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के माध्यम से बच्चों और समुदायों के बीच शिक्षा एवं सोशल लीडरशिप के जरिए सामाजिक बदलाव के लिए कार्य कर रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षा केवल किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित होनी चाहिए।

इसी सोच के साथ दिवि वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
‘भारत विमर्श’ के जरिए नशामुक्ति पर राष्ट्रीय संवाद
संस्था की ओर से पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर ‘भारत विमर्श’ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया था। इसमें नशामुक्ति और युवाओं की भूमिका को प्रमुख विषय बनाकर इस गंभीर सामाजिक चुनौती पर व्यापक चर्चा की गई थी।

आजमगढ़ से दिल्ली तक सामाजिक बदलाव की पहचान
बीर भद्र सिंह मूल रूप से गहजी, आजमगढ़ के निवासी हैं। शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व के माध्यम से बच्चों एवं समुदायों के बीच सकारात्मक बदलाव लाने के उनके प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है।
सम्मान मिलने पर बीर भद्र सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए खुशी के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा, “नशे के खिलाफ लड़ाई में बच्चों और युवाओं को जागरूक करना सबसे जरूरी है। शिक्षा, सामाजिक नेतृत्व और समुदाय की भागीदारी के जरिए ही स्थायी बदलाव लाया जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि दिवि वेलफेयर फाउंडेशन नशामुक्ति, शिक्षा और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में अपने प्रयासों को आगे भी जारी रखेगा और अधिक से अधिक युवाओं तथा समुदायों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास करेगा।
