वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई द्वारा आज NEET UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण एवं NTA की घोर लापरवाही के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए NTA का पुतला दहन किया गया।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक होना देश के लाखों मेहनती एवं प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। यह घटना देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई के इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने बताया कि लगातार हो रहे पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास खत्म कर दिया है। NTA अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में पूर्णतः विफल साबित हो रही है, जिसका खामियाजा मेहनती छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।



इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि ABVP सदैव छात्र हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
ABVP के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश सिंह ने बताया कि देश के लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम कर NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों पर आघात करती हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “NTA जवाब दो”, “छात्र हितों पर हमला बंद करो” एवं “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लगाए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि छात्र हितों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा छात्र अधिकारों की रक्षा हेतु आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

