लखनऊ : सैकड़ों गांव में ग्रीन आर्मी का निर्माण करने वाली होप वेलफेयर ट्रस्ट टीम को राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने चारपहिया वाहन सौंपा।

अपने संबोधन में राज्यपाल महोदया ने कहा कि जमीन पर काम करने वाली संस्था जब पूरे मनोयोग से कार्य करती है तो सहयोग हरसंभव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बनारस भ्रमण के दौरान ग्रीन आर्मीके कार्यों को नज़दीक से देखा, जो बेहद सराहनीय हैं।

उन्होंने उन महिलाओं के हौसले की भी सराहना की, जिन्होंने अपने गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज यही महिलाएं पूर्ण रूप से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक रवि मिश्रा ने कहा कि राज्यपाल महोदया द्वारा वाहन प्राप्त होने के बाद संस्था के कार्यों की गति और अधिक तेज हो जाएगी, जिससे और अधिक गांवों तक पहुंच बनाकर प्रभावी कार्य किया जा सकेगा।
इस बैठक में सह-संस्थापक श्यामाकांत सुमन एवं संदीप गुप्ता तथा ट्रस्ट के सदस्य जितेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
