वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) की सांस्कृतिक विरासत और युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा का प्रतीक, अंतरसंकाय युवा महोत्सव ‘स्पन्दन-2026’ आगामी 21 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। पाँच दिनों तक चलने वाले इस कलात्मक महाकुंभ में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, संस्थानों और संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बृहस्पतिवार को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह और महोत्सव के संयोजक प्रो. बी.सी. कापरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
प्रमुख आकर्षण: लोकगायिका मालिनी अवस्थी करेंगी उद्घाटन
महोत्सव का भव्य उद्घाटन 21 फरवरी 2026 को शाम 04:00 बजे होगा। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी। वे छात्रों और शिक्षकों को स्पंदित करने के लिए 90 मिनट की विशेष प्रस्तुति भी देंगी। वहीं, 25 फरवरी को होने वाले समापन समारोह में प्रख्यात गीतकार समीर अंजान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
31 से अधिक प्रतियोगिताएं और 9 आयोजन स्थल
इस वर्ष स्पन्दन में संगीत, नृत्य, साहित्य, अभिनय और ललित कला की विधाओं के अंतर्गत कुल 31 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए मुख्य पंडाल एम्फीथिएटर मैदान में बनाया गया है। इसके अलावा निम्नलिखित स्थलों पर भी कार्यक्रम होंगे:
* स्वतंत्रता भवन एवं डॉ. के.एन. उडुपा प्रेक्षागृह
* पं. ओंकार नाथ ठाकुर प्रेक्षागृह
* दृश्य कला संकाय एवं विधि संकाय सभागार
* मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र एवं कृषि विज्ञान संस्थान
सांस्कृतिक विविधता का संगम
21 फरवरी को महोत्सव की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से होगी। इसके बाद अगले पांच दिनों तक:
- संगीत व नृत्य: शास्त्रीय गायन, लोक नृत्य, कोरियोग्राफी और पाश्चात्य समूह गान।
- साहित्य: हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में वाद-विवाद, कविता पाठ और निबंध लेखन।
- ललित कला: रंगोली, मेहंदी, पोस्टर निर्माण, कोलाज और फोटोग्राफी।
- रंगमंच: लघु नाटिका, मूक अभिनय (माइम) और अभिव्यक्ति।
कुशल प्रबंधन और निष्पक्ष निर्णय
कुलपति के संरक्षण में इस महोत्सव के लिए 14 समितियां गठित की गई हैं। प्रो. बी.सी. कापड़ी (संयोजक) और प्रो. आरती निर्मल (सह-संयोजक) के नेतृत्व में कार्यक्रमों का संचालन होगा। स्पर्धाओं के निष्पक्ष निर्णय के लिए विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के साथ-साथ शहर के प्रतिष्ठित कलाकारों और विद्वानों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है।
वही इस प्रेस वार्ता में सह-संयोजक प्रो. आरती निर्मल, डॉ. आशीष गुप्ता, मीडिया समिति के अध्यक्ष प्रो. अनुराग दवे और डॉ. धीरेन्द्र राय भी उपस्थित रहे।

