वाराणसी। नगर निगम वाराणसी में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली संभव जनसुनवाई कार्यक्रम में आज कुल 116 फरियादी अपनी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपस्थित हुए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वयं उपस्थित होकर सभी शिकायतों को सुना।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति, सीवर एवं जलनिकासी, नामांतरण, अतिक्रमण, सड़क एवं खड़ंजा निर्माण, मार्ग प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) सहित अन्य नगर सेवाओं से संबंधित समस्याएं प्रस्तुत की गईं। नगर आयुक्त द्वारा प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल एवं समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय से समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के अवसर नगर निगम के सभी अपर नगर आयुक्त, तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
