सेंट्रल हिन्दू स्कूल (CHS), काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से जुड़े गंभीर एवं लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर छात्र नेता विपुल सिंह आज दिनांक 20 फ़रवरी 2026 से आमरण अनशन पर बैठ रहे हैं। यह निर्णय छात्रों और अभिभावकों की लगातार अनदेखी, प्रशासनिक उदासीनता तथा संवाद के अभाव के कारण लिया गया है।
छात्रों का आरोप है कि CHS में प्रवेश, सीट आवंटन, पारदर्शिता तथा छात्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विशेष रूप से कक्षा 6 में लॉटरी प्रणाली, कक्षा 9 में छात्राओं की सीटों को शून्य किए जाने तथा अन्य विसंगतियों को लेकर व्यापक असंतोष व्याप्त है।
अनशन पर बैठने वाले छात्र विपुल सिंह का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर स्पष्ट, लिखित और न्यायसंगत समाधान नहीं दिया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि अनशन के दौरान उनके स्वास्थ्य या किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूर्ण नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी BHU प्रशासन की होगी।
इस पूरे मामले को सार्वजनिक रूप से रखने और छात्रों की मांगों से मीडिया तथा समाज को अवगत कराने हेतु आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जा रही है, जिसमें छात्र प्रतिनिधि, अभिभावक एवं विभिन्न सामाजिक संगठन शामिल होंगे।
छात्रों की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
- CHS प्रवेश प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
- कक्षा 6 की लॉटरी प्रणाली की समीक्षा कर न्यायसंगत व्यवस्था लागू की जाए।
- कक्षा 9 में छात्राओं की सीटों को पुनः बहाल किया जाए।
- प्रशासन छात्रों एवं अभिभावकों से संवाद स्थापित कर लिखित आश्वासन दे।
छात्र समुदाय ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा तथा इसका उद्देश्य केवल छात्रहित और न्याय की मांग है।
