वाराणसी: ‘स्वच्छ काशी-सुंदर काशी’ अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी, जब फुलवरिया (लहरतारा) स्थित गेट नंबर पांच के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया गया। यह पूरी कार्रवाई किसी योजनाबद्ध छापेमारी का हिस्सा नहीं, बल्कि चालक और ट्रांसपोर्टर के बीच हुए आपसी झगड़े का परिणाम रही।
विवाद ने बिगाड़ा खेल: जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एक ट्रक प्रतिबंधित प्लास्टिक की खेप लेकर फुलवरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पहुंचा था। वहां सामान उतारने और किराये के भुगतान को लेकर ड्राइवर और ट्रांसपोर्टर के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ा कि मामले की भनक नगर निगम प्रशासन को लग गई।
मौके पर पहुंची टीम:
सूचना मिलते ही अपर नगर आयुक्त संगम लाल के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। ट्रक में करीब 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक लदा था। निगम ने तत्काल इसकी सूचना लहरतारा पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस:
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसका चालान कर दिया है। फिलहाल ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अवैध खेप कहाँ से लाई गई थी और शहर में इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी।
अन्य तस्वीरें





