वाराणसी। नगर निगम वाराणसी स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष रैंकिंग हासिल करने के लिए अब ‘सोर्स सेग्रिगेशन’ (स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण) को हथियार बनाने जा रहा है। शहर को कचरा मुक्त बनाने और नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम अब प्रत्येक वार्ड में चार अलग-अलग श्रेणियों के डस्टबिन और जागरूकता स्टिकर वितरित करेगा।
नगर आयुक्त हिंमाशु नागपाल ने स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कूड़ा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो नागरिक कचरा अलग करने के नियम का पालन कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए और जो सहयोग नहीं कर रहे, उन्हें स्वच्छता के नियमों का पाठ पढ़ाया जाए।
मॉडल घरों से होगी शुरुआत
अभियान के पहले चरण में प्रत्येक वार्ड के 30 सक्रिय भवन स्वामियों को चिन्हित किया जा रहा है। ये वो लोग होंगे जो पहले से कूड़ा अलग कर रहे हैं या इसके लिए तत्पर हैं। इन्हें मॉडल के रूप में डस्टबिन और स्टिकर दिए जाएंगे ताकि उनके माध्यम से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश जाए।
चार रंगों का गणित और जवाबदेही
अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल बिन्स जारी करने के निर्देश दिए हैं। कूड़े को मुख्य रूप से चार श्रेणियों में बांटा जाएगा:
- गीला कचरा
- सूखा कचरा
- हानिकारक कचरा (Hazardous Waste)
- अन्य विशिष्ट श्रेणी
