विंध्य कॉरिडोर का किया निरीक्षण; बच्चों को दुलारा और दी चॉकलेट, बोले- ‘मोबाइल से रहें दूर’
मीरजापुर/लखनऊ। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व से ठीक पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी के चरणों में हाजिरी लगाई। मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी की विधिवत आरती उतारी और उत्तर प्रदेश की सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर की परिक्रमा की और मां को श्रद्धास्वरूप लाल चुनरी अर्पित की।

श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता पर जोर
आगामी चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिलने चाहिए। सीएम ने मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
कॉरिडोर का अवलोकन और बच्चों से संवाद
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन ‘विंध्यवासिनी कॉरिडोर’ का अवलोकन किया और वहां लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब मुख्यमंत्री की नजर वहां मौजूद बच्चों पर पड़ी, तो उन्होंने रुककर उनसे आत्मीय संवाद किया।
- सीएम ने बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा।
- बच्चों को चॉकलेट बांटकर उनका उत्साहवर्धन किया।
- मुख्यमंत्री ने बच्चों को एक अभिभावक की तरह सीख देते हुए कहा कि वे मोबाइल का प्रयोग कम से कम करें और खेलकूद व पढ़ाई पर ध्यान दें।

ये लोह रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, विधायक रत्नाकर मिश्र, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और विंध्य धाम में भक्तों के बीच भारी उत्साह देखा गया।
अन्य तस्वीरें






