वाराणसी। होली के पावन एवं पवित्र अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ श्रीविद्यामठ पहुंचकर ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी ( Shankracharya Swami Avimukteshwaranand Sarswati ) के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पुष्प अर्पित कर की लोक-कल्याण की कामना
अजय राय व अन्य कांग्रेसजनों ने जगद्गुरु के चरणों में गुलाब की पंखुड़ियाँ अर्पित कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने देश, प्रदेश और समाज के कल्याण के लिए प्रार्थना की। अजय राय ने सनातन धर्म की परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों की रक्षा में संत समाज की भूमिका को सर्वोपरि बताया।

‘संतों के सम्मान के लिए मजबूती से खड़ी है कांग्रेस’
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संत समाज सदैव समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करता आया है। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी द्वारा चलाए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक आंदोलनों का खुला समर्थन किया। राय ने स्पष्ट रूप से कहा:
”यदि धर्म, संस्कृति और संत समाज के सम्मान को ठेस पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा, तो कांग्रेस पार्टी उसका पुरजोर विरोध करेगी। संतों की आवाज दबाना लोकतंत्र और भारतीय परंपराओं के विरुद्ध है।”
गंगा-जमुनी तहजीब और समरसता का संदेश
अजय राय ने होली को प्रेम और भाईचारे का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें भेदभाव भूलकर एकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर अजय राय के साथ मुख्य रूप से महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, प्रमोद पांडेय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, चंचल शर्मा, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, सुनील श्रीवास्तव, देवेन्द्र सिंह, राजीव गौतम, संतोष चौरसिया, सुनील राय, घनश्याम सिंह, अजय सिंह, मनोज वर्मा, विपिन पाल, सदानंद, नित्यानंद, आशीष तिवारी और शशि सोनकर सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
